महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से पहली मौत मुंबई में हुई है। मुंबई के कस्तूरबा हॉस्पिटल में 13 मार्च से एडमिट 64 वर्षीय बुजुर्ग की मौत मंगलवार सुबह 7 बजे हुई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक के परिवार के अन्य सदस्यों की जांच भी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के मुताबिक, 5 मार्च को दुबई से लौटने के बाद जांच में उनके अंदर कोरोना की पुष्टि नहीं हुई थी। डॉक्टर के मुताबिक, उनमें निमोनिया और हाइपरटेंशन की शिकायत के बाद पहले हिंदुजा हॉस्पिटल में एडमिट थे बाद में इन्हें कस्तूरबा में शिफ्ट किया गया।
महाराष्ट्र के बुलढाणा में भी एक बीमार बुजुर्ग ने दम तोड़ा था, लेकिन बाद में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मुंबई के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे कई बड़े उद्योगपतियों के साथ कोरोना को लेकर बैठक कर रहे हैं।
स्कूल-कॉलेज बंद
राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, निजी क्लासेस, परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। जिम और स्वीमिंग पूल बंद करने का आदेश दिया है। किसी भी तरह के धार्मिक या सामाजिक आयोजन पर सरकार ने पाबंदी लगा दी है। राज्य के कई मंदिरों को भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है। हाई कोर्ट में आज से सिर्फ दो घंटे और जिला अदालतों में तीन घंटे ही काम होगा। पुणे में सबसे ज्यादा 16 मरीज मिलने के बाद अब यहां के शनिवारवाड़ा किले को भी अनिश्चित काल के लिए बंद है।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 39 मामलों की पुष्टि
सोमवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि कोरोना पीड़ितों की संख्या राज्य में बढ़कर 39 पहुंच चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 16 मामले पुणे में हैं। वहीं, मुंबई में 6, नागपुर में 4, यवतमाल में 3, नवी मुंबई में 3, कल्याण 3, ठाणे, अहमदनगर, रायगढ़ और औरंगाबाद में एक-एक मामले सामने आए हैं। ताजा मामला यवतमाल जिले का है। यहां दुबई से लौटे व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
इस बीमारी से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए नैशनल हेल्पलाइन नंबर 1075 जारी किया है। सभी तरह के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में 50 से ज्यादा लोगों के जमा होने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, ये नियम शादी समारोह में लागू नहीं होंगे।