महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। अब तक यहां 39 मरीजों में कोरोना के वायरस हैं, जिनका राज्य के अलग-अलग हॉस्पिटल में इलाज जारी है। राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज, निजी क्लासेस, परीक्षाएं टालने का भी आदेश दिया गया है। जिम और स्वीमिंग पूल बंद करने का आदेश दिया है। किसी भी तरह के धार्मिक या सामाजिक आयोजन पर सरकार ने पाबंदी लगा दी है। राज्य के कई मंदिरों को भक्तों के लिए बंद कर दिया गया है। हाई कोर्ट में आज से सिर्फ दो घंटे और जिला अदालतों में तीन घंटे ही काम होगा। पुणे में सबसे ज्यादा 16 मरीज मिलने के बाद अब यहां के शनिवारवाड़ा किले को भी अनिश्चित काल के लिए बंद है।
राज्य में टाले गए चुनाव
कोरोना को देखते हुए मंत्रालय, सचिवालय और राजभवन में जनता के प्रवेश रोक लगा दी गई है। ऐहतियात के तौर पर कुछ प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया है। ग्राम पंचायतों सहित सभी स्थानीय निकाय चुनाव तीन महीनों तक टालने की मांग राज्य चुनाव आयोग से की गई है। टूर्स पर मुंबई पुलिस की पाबंदी और फिल्मों की शूटिंग बंद है।
किसी भी शहर को शटडाउन नहीं किया गया
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है, ‘आने वाले 15 दिन बहुत महत्वपूर्ण है। बेहद सतर्कता की जरूरत है।’ हालांकि उन्होंने साफ किया कि कोई भी शहर पूरी तरह शटडाउन नहीं किया जाएगा।
कई मंदिरों पर भक्तों की नो एंट्री
सिद्धिविनायक मंदिर, मुंबा देवी मंदिर, पुणे का दगडूशेठ गणपति मंदिर, तुलजा भवानी मंदिर अनिश्चित काल के लिए बंद किए गए हैं। शिर्डी और त्रिम्ब्केश्वर में मंदिरों को हर दो से तीन घंटे में केमिकल से धोया जा रहा है।
कई ऐतिहासिक स्थल बंद
अजंता-एलोरा गुफाओं सहित कई ऐतिहासिक स्थल 9 अप्रैल तक बंद किए है। नवी मुंबई का पक्षी विहार और राज्य की सभी जंगल सफारी बंद है। राजभवन की यात्रा 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है।
प्राइवेट कंपनियों में सिर्फ 50 प्रतिशत उपस्थिति
बीएमसी ने प्राइवेट कंपनियों में 50 प्रतिशत से ज्यादा कर्मचारियों की उपस्थिति टालने का आदेश दिया है। कमिश्नर के सर्कुलर में कहा गया है कि ऑफिसों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों से ही काम लिया जाए। यह नियम सीवेज, पानी, बैंकिंग, रेलवे, खान-पान, हॉस्पिटल और मेडिकल स्टोर जैसी अति महत्वपूर्ण सेवाएं देने वालों पर लागू नहीं होगा। इसके अलावा, कस्तूरबा, केईएम और सेवन हिल्स अस्पताल के आसपास गाड़ियों की आवाजाही भी कम की जाएगी। इसे न मानने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
इस बीमारी से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए नैशनल हेल्पलाइन नंबर 1075 जारी किया है। सभी तरह के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में 50 से ज्यादा लोगों के जमा होने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, ये नियम शादी समारोह में लागू नहीं होंगे।
होटल में रह सकते हैं कोरोना के मरीज
उद्धव ने कहा कि होटलों से भी क्वारंटाइन के लिए कमरे उपलब्ध कराने की बात हुई है। सरकार प्रयास कर रही है कि 1000 बेड की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। जो लोग अस्पताल में क्वारंटाइन में नहीं रहना चाहते वे होटलों में पैसे देकर रह सकते हैं। सरकार होटलों के लिए एक रियायती दर तय करेगी।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 39 मामलों की पुष्टि
सोमवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि कोरोना पीड़ितों की संख्या राज्य में बढ़कर 38 पहुंच चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 16 मामले पुणे में हैं। वहीं, मुंबई में 6, नागपुर में 4, यवतमाल में 3, नवी मुंबई में 3, कल्याण 3, ठाणे, अहमदनगर, रायगढ़ और औरंगाबाद में एक-एक मामले सामने आए हैं। ताजा मामला यवतमाल जिले का है। यहां दुबई से लौटे व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।